जम्मू-कश्मीर
के किश्तवाड़ में सुबह 4.30 बजे बादल फटने के बाद बाढ़ आ गई। जिसमें हुंजर गांव के छह घर और एक राशन स्टोर बह गए। इसमें करीब 40 लोग लापता बताए जा रहे हैं। अभी तक छह लोगों के शव निकाल लिए गए हैं और 12 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। जिला उपायुक्त किश्तवाड़ अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि पांच शव निकाले जा चुके हैं। सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश
रेड अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात से जारी भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। प्रदेश भर में 14 लोग लापता हो गए हैं। लाहौल स्पीति के तोजिंग नाले में आई बाढ़ से 10 लोग लापता हो गए हैं। कुल्लू जिला में 25 वर्षीय महिला अपने चार वर्षीय बच्चे के साथ पार्वती नदी में बह गई है। इसके अलावा कुल्लू में दिल्ली की एक पर्यटक महिला और एक स्थानीय व्यक्ति भी लापता है।
किन्नौर जिले में बादल फट गया है,
जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मंडी-कुल्लू का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। औट और कटौला मार्ग भारी बारिश के चलते जगह-जगह पर बाधित हुआ है। शिमला-कालका नेशनल हाइवे जगह-जगह भूस्खलन से बंद हो गया है। बादल फटने की सूचना पूर्व प्रधान रक्षम टीकम नेगी ने दी है।
उत्तराखंड
दून में मंगलवार देर रात से हो रही बारिश बुधवार की सुबह भी जारी है। जिस वजह से लोग दहशत में हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री हाईवे सहित कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। राजधानी देहरादून में रात से बारिश जारी है। जिससे शहर में जलभराव हो गया है। दून में रिस्पना और बिंदाल नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
मसूरी के कैंपटी फॉल में जलस्तर बढ़ने से पुलिस ने यहां पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी है। वहां मौजूद पर्यटकों को वापस भेजा गया।