मो.शादान सलीम
न्यूज़ वायरस नेटवर्क
देहरादून।राजभवन में गुरुवार को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से नि) गुरमीत सिंह से दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रो. डंगवाल ने राज्यपाल को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और विश्वविद्यालय की शैक्षिक प्रगति और योजनाओं की जानकारी दी।
कुलपति ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और अनुसंधान के क्षेत्र में हुए नए प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दून विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।
राज्यपाल ने दून विश्वविद्यालय के कार्यों की सराहना की और उच्च शिक्षा में और सुधार के लिए सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना चाहिए। राज्यपाल ने नववर्ष के मौके पर विश्वविद्यालय के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं और उम्मीद जताई कि आने वाले वर्ष में संस्थान और अधिक उन्नति करेगा।
यह शिष्टाचार भेंट शिक्षा और प्रशासन के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है।


