न्यूज वायरस नेटवर्क
देहरादून, उत्तराखंड के होनहार कराटे खिलाड़ी क्रियांश कौशिक ने एक बार फिर राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। देहरादून निवासी क्रियांश कौशिक ने 5 से 6 जुलाई 2025 को कोलंबो, श्रीलंका में आयोजित नवमीं साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप में अंडर-12 बालक इंडिविजुअल कुमीते वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
क्रियांश का चयन देहरादून में 12 से 15 जून 2025 के बीच आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। यह प्रतियोगिता कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें उत्तराखंड के कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक भी जीते।
अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए क्रियांश के साथ दो अन्य उत्तराखंडी खिलाड़ियों ने भी पदक अपने नाम किए: 
अनामिका बिष्ट (चंपावत) — कैडेट (अंडर 16) वर्ग में रजत पदक
मैत्री बलूनी (डोईवाला, देहरादून) — अंडर 21 महिला इंडिविजुअल कुमीते वर्ग में कांस्य पदक
तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने उत्तराखंड के खेल परिदृश्य को नई पहचान दी है। खासतौर पर क्रियांश कौशिक की इस जीत ने यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड की नई पीढ़ी न केवल राष्ट्रीय मंच पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दमदार उपस्थिति दर्ज करा रही है।


