मो.शादान सलीम न्यूज वायरस नेटवर्क
देहरादून। मैसूर निवासी डाॅ खादर वली की पहचान मिलेट्स मैन ऑफ इंडिया के रूप में है। मिलेट्स के बारे में किये गए उनके योगदान के कारण भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया है। डाॅ खादर कहते हैं कि मैं आपकी रसोई में वैद्य बैठाना चाहता हूँ ताकि आपको डाॅक्टर के पास जाने की जरूरत ही नहीं पड़े। उनका दावा है कि 12 से 20 हफ्ते मिलेट्स का सेवन करने से ब्लडप्रेशर और ब्लड शुगर की बीमारियों से निजात पाया जा सकता है। डाॅ खादर वली यहाँ इंडियन पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय मिलेट्स महोत्सव के पहले दिन उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे। मिलेट्स महोत्सव का आयोजन अवसर ट्रस्ट ने किया है।
इस अवसर पर राज्यसभा के पूर्व सांसद तथा अवसर ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष डॉ आर के सिन्हा ने कहा कि मिलेट्स की खेती में पानी की कम खपत होती है। साथ ही यह हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। इसके सेवन से कई बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है।


