आपको अब लोहे के एलपीजी सिलेंडर के भार से परेशान नहीं होना होगा, और न ही सिलेंडर की गैस कम होने का शक रहेगा क्योंकि इंडियन ऑयल ने फाइबर से बने पराभाषी सिलेंडर बाजार में उतार दिए हैं। 10 किलोग्राम गैस क्षमता के इन कम्पोजिट सिलेंडर का वजन मौजूदा आपके सिलिंडर से 50 फीसद से भी कम है। नए कनेक्शन के साथ ही ये सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है, इतना ही नहीं पुराने सिलेंडर को भी फिक्स चार्ज देकर बदला जा सकता है। कम्पोजिट सिलेंडर के कनेक्शन की शुरुआत नवंबर के आखिर में होनी थी, लेकिन इंडियन आयल ने दीपावली से ठीक पहले इसकी लांचिंग कर दी है, जिसके कनेक्शन जारी हो रहे हैं। 10 किलोग्राम के कम्पोजिट सिलेंडर के दाम 3350 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जबकि पुराने उपभोक्ता पहले से जमा जमानत राशि घटाकर भुगतान कर सकते हैं। गैस का मूल्य अलग से देय होगा। वहीं 14.2 किलोग्राम सिलेंडर के अनुपात में उपभोक्ताओं को निर्धारित गैस उपलब्ध होगी।सिलेंडर का कुछ हिस्सा पराभाषी होने से जहां घटतौली पर नजर रखी जा सकेगी, तो अचानक गैस खत्म होने की समस्या से भी निजात मिलेगी। समय-समय पर पराभाषी हिस्से से गैस की मात्रा का अंदाजा लगाया जा सकेगा। कम्पोजिट सिलेंडर को तीन लेयर में तैयार किया गया है। पहले स्टेप में हाई डेंसिटी पॉलीएथिलीन लेयर लगाया गया है। इसके ऊपर पालीमर से बने फाइबर ग्लास का घेरा होता है। बाहर की ओर हाई डेंसिटी पॉलीएथिलीन लेयर का बना होता है। इसलिए सिलेंडर को बेहद सुरक्षित माना जा रहा है, जिससे हादसे की आशंका न के बराबर है। सिलेंडर को सुरक्षित तरीके से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए विशेष जाल तैयार कराया गया है। रेग्युलेटर पुराना ही प्रयोग होगा। कम्पोजिट सिलेंडर बाजार में आ गया है। कनेक्शन जारी करने की शुरुआत हो गई है। ये महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी है। वे इसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से ले जा सकती हैं।