वरिष्ठ पत्रकार दिनेश के. मानसेरा उत्तराखंड जनसंख्या विश्लेषण समिति के अध्यक्ष नियुक्त

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी निर्णय की व्यापक सराहना

न्यूज़ वायरस नेटवर्क 

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व दिनेश के. मानसेरा को उत्तराखंड जनसंख्या विश्लेषण समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय राज्य की जनसंख्या नीति को प्रभावशाली, न्यायसंगत और समावेशी बनाने की दिशा में एक निर्णायक पहल के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की यह नियुक्ति उनके जनसंवेदनशील नेतृत्व और दूरदृष्टि को दर्शाती है।

दूरदर्शन,पांचजन्य और एनडीटीवी सहित पत्रकारिता में चार दशक का अनुभव

58 वर्षीय दिनेश के. मानसेरा पत्रकारिता जगत में चार दशकों से सक्रिय हैं। वे NDTV में उत्तराखंड के प्रभारी के रूप में वर्षों तक कार्यरत रहे और राज्य के सामाजिक, पर्यावरणीय व राजनीतिक मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत किया। उनकी रिपोर्टिंग में गहराई, संतुलन और संवेदनशीलता की झलक स्पष्ट रही है।

उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के समय दूरदर्शन समाचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राज्य के प्रारंभिक संघर्षों व आकांक्षाओं को राष्ट्रव्यापी पहचान दिलाई।

सम्मानित और नीतिवान पत्रकार

दिनेश मानसेरा की निष्पक्ष पत्रकारिता को देश के कई वरिष्ठ पत्रकारों ने खुले मंचों पर सराहा है। स्वर्गीय कमाल खान, रवीश कुमार, अजीत अंजुम, आशुतोष, देवांग, सलीम सैफी और तौकीर शेरवानी जैसे प्रमुख पत्रकारों ने सार्वजनिक रूप से उनकी ईमानदारी और वैचारिक संतुलन की प्रशंसा की है।

राष्ट्रवादी सोच, सामाजिक समर्पण

वे RSS के मुखपत्र ‘पांचजन्य’ से भी वर्षों तक जुड़े रहे और उत्तराखंड में संगठनात्मक पत्रकारिता के दायित्वों का सफल निर्वहन किया। वे प्रगतिशील राष्ट्रवादी सोच और सर्वधर्म समभाव के समर्थक रहे हैं।

हल्द्वानी स्थित ‘थाल सेवा’ नामक अभियान के माध्यम से वे प्रतिदिन सैकड़ों गरीब व जरूरतमंद लोगों को केवल ₹5 में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराते हैं — यह सेवा निस्वार्थ समाज सेवा की मिसाल बन चुकी है।

नीतियों में संतुलन, जीवन में मर्यादा

मानसेरा कभी किसी राजनीतिक विवाद में नहीं रहे और न ही उन्हें पक्षपातपूर्ण पत्रकारिता से जोड़ा गया। उन्होंने पत्रकारिता को जनसेवा और समाज-निर्माण का माध्यम माना। उनके लिए सच, समरसता और सेवा ही मूल सिद्धांत रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा उन्हें मीडिया सलाहकार नियुक्त किया गया था, किंतु उन्होंने निजी कारणों से यह दायित्व विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दृष्टि को सलाम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस दायित्व के लिए दिनेश मानसेरा जैसे विवेकशील, राष्ट्रवादी और निष्कलंक छवि वाले व्यक्ति का चयन राजनीतिक शुचिता और दूरदर्शिता का स्पष्ट संकेत है। यह निर्णय न केवल राज्य की जनसंख्या नीति को दिशा देगा, बल्कि नीति-निर्माण में अनुभव और ईमानदारी की सशक्त उपस्थिति भी सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top