Flash Story
महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में देहरादून में निकली ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
अमित शाह के आगमन से गौरवान्वित हुआ उत्तराखंड, मुख्यमंत्री धामी ने राज्योत्सव में गिनाईं 26 वर्षों की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री धामी ने 9.99 लाख पेंशनधारकों के खातों में भेजे 148.18 करोड़ रुपये
दीप्ति रावत भारद्वाज ने नकरौंदा में महिला रामलीला मंचन में की शिरकत, मातृशक्ति के प्रयासों को सराहा
सौरभ बहुगुणा ने दुग्ध उत्पादक मेले में पशुपालकों का बढ़ाया उत्साह, 48 लीटर दूध देने वाली गाय बनी चैंपियन
योगी आदित्यनाथ ने गोंडा को दी ₹520 करोड़ की सौगात, 69 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
दीप्ति रावत भारद्वाज ने युवती सम्मेलन में लिया हिस्सा, बोलीं- राष्ट्र निर्माण में बेटियों की भूमिका अहम
जामिया में छात्र संघ बहाली की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मिले इमरान प्रतापगढ़ी
देहरादून में LED-लेज़र लाइटों से सजे 80 फीट ऊंचे रावण का दहन, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी जले

लोकसभा में 850 सीटों की आहट भारत की राजनीति में भूचाल

डॉ. सरफ़राज़ सैफ़ी , टीवी न्यूज़ एंकर / वरिष्ठ पत्रकार

न्यूज वायरस नेटवर्क 

भारत की संसदीय राजनीति एक बड़े मोड़ पर खड़ी है। लोकसभा की सीटों को 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव महज़ एक प्रशासनिक बदलाव नहीं,बल्कि देश की राजनीतिक संरचना को पुनर्परिभाषित करने वाला कदम साबित हो सकता है। यह सवाल अब केवल संख्या का नहीं, बल्कि सत्ता के संतुलन, राज्यों की भागीदारी और लोकतंत्र की दिशा का है। सरकार का तर्क साफ है बढ़ती आबादी, बेहतर प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सीटों का विस्तार अनिवार्य है। लेकिन इस प्रस्ताव की असली कहानी इसके पीछे छिपी राजनीतिक परतों में है। दरअसल, भारत में लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण पिछले कई दशकों से “फ्रीज” है। 1976 में लागू 42वें संविधान संशोधन के तहत जनसंख्या के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण को रोक दिया गया था, ताकि जनसंख्या नियंत्रण में सफल राज्यों के साथ अन्याय न हो। यह रोक 2026 तक लागू है और इसके समाप्त होते ही परिसीमन की प्रक्रिया एक बार फिर राजनीतिक भूचाल ला सकती है। अगर सीटों की संख्या 850 तक बढ़ती है और उनका पुनर्वितरण नवीन जनगणना के आधार पर होता है, तो उत्तर भारत के बड़े राज्य उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश की राजनीतिक ताकत और सशक्त हो सकती है। इसके उलट, दक्षिण भारत के वे राज्य जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है, खुद को अपेक्षाकृत कमजोर स्थिति में पा सकते हैं। यही कारण है कि दक्षिण भारत से विरोध की आवाज़ें तेज हो रही हैं। उनका तर्क है कि यह बदलाव “जनसंख्या आधारित इनाम और सज़ा” की तरह होगा जहां अधिक जनसंख्या वाले राज्यों को अधिक राजनीतिक शक्ति मिलेगी, जबकि नियंत्रण करने वाले राज्यों की हिस्सेदारी घटेगी। यह बहस केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि संघीय संतुलन की मूल भावना से भी जुड़ी हुई है।

हालांकि, इस पूरे परिदृश्य में महिला आरक्षण कानून एक सकारात्मक आयाम जोड़ता है। सीटों के विस्तार से संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नीति निर्माण में उनकी भूमिका मजबूत होगी। यह भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी और प्रतिनिधिक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम हो सकता है।

2029 का लोकसभा चुनाव इस संदर्भ में ऐतिहासिक साबित हो सकता है। यह चुनाव केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं रहेगा,बल्कि भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को नए सिरे से गढ़ने का अवसर बनेगा। जनता सिर्फ प्रतिनिधि नहीं चुनेगी वह यह भी तय करेगी कि संसद में उसकी आवाज़ किस अनुपात में गूंजेगी। लेकिन सबसे बड़ी चुनौती सीटों के विस्तार से ज्यादा उनके न्यायसंगत वितरण की है। परिसीमन आयोग की भूमिका यहां निर्णायक होगी उसे यह तय करना होगा कि किस राज्य को कितनी सीटें मिलेंगी और नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं कैसे तय होंगी। यह प्रक्रिया जितनी तकनीकी है, उतनी ही राजनीतिक भी, क्योंकि हर नया नक्शा सत्ता के समीकरण को सीधे प्रभावित करेगा। इसके साथ ही एक अहम सवाल यह भी है क्या 850 सांसदों वाली लोकसभा अधिक प्रभावी होगी, या निर्णय प्रक्रिया और जटिल हो जाएगी? क्या प्रतिनिधित्व बढ़ने से लोकतंत्र मजबूत होगा या कार्यक्षमता प्रभावित होगी!

भारत जैसे विविध और विशाल देश में प्रतिनिधित्व का विस्तार आवश्यक है, लेकिन संतुलन बनाए रखना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। लोकसभा विस्तार का यह प्रस्ताव एक तरफ लोकतंत्र को व्यापक बनाने का अवसर देता है, तो दूसरी तरफ क्षेत्रीय असंतुलन की आशंकाओं को भी जन्म देता है।

आने वाले समय में यह मुद्दा संसद की सीमाओं से बाहर निकलकर देशव्यापी राजनीतिक विमर्श का केंद्र बनेगा। क्योंकि यह फैसला तय करेगा भारत की राजनीति में किसकी आवाज़ कितनी बुलंद होगी !

Back To Top