![](https://newsvirusnetwork.com/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image1136893950-1615343174348-4-273x300.jpg)
आप अपनी राशि अनुसार करें इन वस्तुओं का दान – मेष: इस राशि के स्वामी मंगल देवता हैं। इसलिए इस राशि के जातकों को स्नान के बाद तिल, मिठाई, खिचड़ी, रेशमी कपड़ा, दाल, मीठे चावल और ऊनी वस्त्र आदि का दान करना चाहिए।
वृष: इस राशि पर शुक्र देव का आधिपत्य है। इसलिए इस राशि के जातकों को मकर संक्रांति के दिन उड़द दाल की खिचड़ी, काली उड़द, सरसों का तेल, काला कपड़ा, काला तिल आदि का दान करना चाहिए।
मिथुन: इस राशि पर बुध देव का आधिपत्य है। इसलिए इस राशि वालों को मकर संक्रांति पर गरीबों को खिचड़ी, काला तिल, छाता, उड़द, बेसन के लड्डू, सरसों का तेल दान करना चाहिए।
कर्क: कर्क राशि वालों को इस दिन गरीब और जरूरतमंद लोगों को खिचड़ी, चने की दाल, पीला कपड़ा, साबुत हल्दी, पीतल के बर्तन, फल आदि का दान करना चाहिए। कर्क राशि पर चंद्रमा ग्रह का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के लोग सफेद वस्तुओं का भी दान कर सकते हैं।
सिंह: सिंह राशि पर सूर्य देव का आधिपत्य है। इसलिए इस राशि के जातकों को मकर संक्रांति के अवसर पर स्नान के बाद मसूर की दाल, खिचड़ी, लाल कपड़ा, रेवड़ी, गजक आदि दान करना चाहिए।
कन्या: इस राशि के जातकों को मकर संक्रांति पर सुबह स्नान करने के बाद गरीबों को साबुत मूंग, हरे कपड़े, खिचड़ी, मूंगफली आदि दान करना चाहिए। कन्या राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं। इसलिए इस राशि के जातक हरे रंग की वस्तुओं का भी दान कर सकते हैं।
तुला:मकर संक्रांति के दिन तुला राशि के जातक खिचड़ी, फल, मिश्री, गरम कपड़े आदि का दान गरीबों में करना चाहिए। तुला राशि पर शुक्र ग्रह का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के जातक शुक्र ग्रह से संबंधित वस्तुओं का दान कर सकते हैं।
वृश्चिक: इस राशि वालों को मकर संक्रांति पर स्नान के बाद गरीबों में खिचड़ी, कंबल, तिल-गुड़ आदि का दान करना चाहिए। इस राशि पर मंगल देव का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के लोग लाल रंग की वस्तुओं का भी दान कर सकते हैं।
धनु: धनु राशि के जातकों को मकर संक्रांति वाले दिन मूंगफली, तिल, लाल चंदन, लाल कपड़ा किसी गरीब ब्राह्मण या जरूरतमंद को दान करना चाहिए। धनु राशि के स्वामी गुरु ग्रह हैं। इसलिए इस राशि के लोग कोई शास्त्र पुस्तक भी दान कर सकते हैं।
मकर: मकर संक्रांति का दिन मकर राशि वालों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इस राशि में ही सूर्य का गोचर होता है। इस दिन मकर राशि वालों को खिचड़ी, कंबल, कपड़े आदि का दान देना चाहिए। साथ ही मकर राशि पर शनि देव का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के लोग तेल, काला छाता का भी दान कर सकते हैं।
कुंभ: इस राशि के जातक मकर संक्रांति पर शुद्ध गाय के घी का दान करें. इसके अलावा खिचड़ी का दान करना भी शुभ फलदायी साबित होगा। कुंभ राशि के स्वामी शनिदेव हैं। इसलिए इस राशि के लोगों को काली वस्तुओं का दान करना चाहिए।
मीन: इस राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन चने की दाल और तिल का दान करें तो शुभ रहेगा। मीन राशि पर गुरु बृहस्पति का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के लोग पीली वस्तुएं और कोई शास्त्र पुस्तक दान करें, तो अक्षय फल प्राप्त होगा।