
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि इस सप्ताह के अंत में उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति लौटने की संभावना है। आईएमडी के अधिकारियों ने कहा कि अगले 4-5 दिनों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में सुबह के वक्त घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। 
मौसम विभाग ने बताया कि बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और सिक्किम में 14 जनवरी तक कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, गुरुवार को ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, कराईकल, पुडुचेरी, केरल और माहे में इस सप्ताह के अंत तक गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। आईएमडी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। वहीं पूर्वी भारत में भी न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। 
इस पूरे हफ्ते दिल्ली में छाया रह सकता है घना कोहरा
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में ठंड, कोहरे के बीच बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है। आईएमडी ने इस पूरे हफ्ते दिल्ली में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक 12 और 13 जनवरी को घना कोहरा छाया रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 19 और न्यूनतम पारा करीब 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँच गया है। 


