हिस्ट्रीशीटर, गुंडा एक्ट , अपराधियों के खिलाफ धामी सरकार का एक्शन
न्यूज़ वायरस नेटवर्क
देहरादून। पछुवादून के खुशहालपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाते हुए आधा दर्जन से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए कुछ लोगों के खिलाफ गो तस्करी, नशा तस्करी, गुंडा एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच-पड़ताल पहले ही की जा चुकी थी और अतिक्रमण को लेकर नोटिस भी जारी किए गए थे। जांच में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए कई लोग आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं। इनके खिलाफ गो तस्करी, नशा तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी भूमि पर कब्जे से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसे अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया के तहत यह अभियान चलाया गया।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के अनुसार, कार्रवाई की जा रही संपत्तियों से जुड़े लोगों में कई हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी आशीष चौहान के अनुसार, खुशहालपुर क्षेत्र में सक्रिय बताए जा रहे आमिर के खिलाफ 21 गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रशासन के मुताबिक, उसके मकान को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसी क्रम में मेहराज के खिलाफ आठ, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद मिर्ची के खिलाफ आठ, मोहसिन के खिलाफ 15 और फैजान के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं कौसर के खिलाफ नशा तस्करी से संबंधित दो मामले दर्ज होने की जानकारी अधिकारियों ने दी।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देशमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार को सूचना मिल रही थी कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग सरकारी भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने के साथ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का रिकॉर्ड खंगालने के बाद उनके खिलाफ तथ्यों और कानून के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों तथा अपराध को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।


