आपको रोचक ख़बरों से रूबरू करने के लिए न्यूज़ वायरस की रिसर्च डेस्क हमेशा ऐसी खबरे पेश करता है जो न सिर्फ जानकारी दे बल्कि ख़बरों के ज़रिये आपको जागरूक भी बनाये। आज हम आपको ऑनलाइन बुक की जाने वाली कैब और आपकी आदतों से जुडी खबर बता रहे हैं। दरअसल राइड शेयरिंग कंपनी UBER ने उबर लॉस्ट एंड फाउंड इंडेक्स का छठा एडिशन जारी किया है। इसमें सबसे ज्यादा भूले जाने वाले सामान, सबसे ज्यादा भूलने वाले शहरों, सप्ताह, दिन और साल के समय को बताया गया है, जब उबर के यात्री अपना सामान सबसे ज्यादा भूल जाते हैं।
सप्तांत में सबसे ज्यादा सामान भूलते हैं लोग
उबर के लॉस्ट एंड फाउंड इंडेक्स के जारी रिपोर्ट के मुताबिक भारत, ऑस्ट्रेलिया और फिलीपींस एपीएसी में ‘सबसे ज्यादा भूलने वाले देशों’ की सूची में सबसे ऊपर हैं। भारत में बैंगलोर लगातार दूसरे साल सबसे ज्यादा भूलने वाला शहर है। भारत में सबसे ज्यादा भूलने वाला सामान फोन, बैग,चाबियां, वॉलेट, चश्मा, आईडी, हेडफोन और कैमरे शामिल हैं। इसके अलावा कई बार लोग अपने खाने का सामान, मेटल लेग, वेडिंग गिफ्ट्स और अपने नकली दांत तक भूल जाते हैं।
गोल्ड की जूलरी तक भूल जाते हैं लोग
पिछले साल फोन, बैग और चाबियां उन सामानों में सबसे ऊपर थे, जो भारत में उबर कारों में छोड़े गए थे। अन्य सामानों में आईडी कार्ड, चाबियां और छाते भी सर्वोच्च 10 सामानों में थे। इसके अलावा शादी के कार्ड से लेकर गोल्ड जूलरी तक लोग भूल जाते हैं।
दोपहर के समय सबसे ज्यादा भूले सामान
ज्यादातर लोग दोपहर में 1 बजे से 4 बजे के बीच सामान भूल जाते हैं या फिर सुबह 5 बजे से 6 बजे के बीच सामान भूलते हैं। सुबह 10 बजे और शाम को 5 बजे सामान खोने की सूचना सबसे कम मिली है। लोग सोमवार को अपना चश्मा और चार्जर भूल जाने की सबसे अधिक संभावना होती है, जबकि किराने का सामान और लैपटॉप गुरुवार को भूलते हैं लोग। तो क्या आप भी कुछ ऎसी ही आदत से परेशान हैं ? अगर ऐसा है तो अब सावधानी बरतिए और अपने सफर को सुरक्षित और सुखद बनाने में ऐसी आदतों पर ख़ास ध्यान दें।