केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी का बेटा और तिकुनिया कांड का मुख्य आरोपी आशीष मिश्र क्राइम ब्रांच के ऑफिस में है। आशीष से क्राइम ब्रांच की टीम लगातार पूछताछ कर रही है। दो घंटे से अधिक समय बीत गया है। अखिलेश यादव ने भी लखीमपुर हिंसा पर प्रेसकॉन्फ्रेंस कर हमला बोला। उन्होंने तंज कसा कि मंत्री के बेटे को समन नहीं गुलदस्ता भेजा गया। सरकार अभी भी दोषियों को बचाना चाहती है।
हमेशा सत्य की जीत होती है: सिद्धू
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अनशन खत्म करने के बाद कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। राष्ट्र चलाने के लिए न्याय से बड़ा कोई साधन नहीं है। न्याय है तो सुशासन है, न्याय नहीं है तो कुशासन है। सत्य की इस लड़ाई में किसान भाईयों की जीत हुई है।
आने वाले समय में बीजेपी का सफाया होगा: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अभी भी सो रही है सरकार अभी भी उन्हें (दोषियों को) बचाना चाहती है। ये सरकार केवल ताकतवर लोगों के लिए है, ये सरकार किसानों के लिए नहीं है। जनता ये सब देख रही है, आने वाले समय में बीजेपी का सफाया होगा।
नवजोत सिंह सिद्धू ने खत्म की भूख हड़ताल
गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा क्राइम ब्रांच के सामने पेश होने के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। शनिवार से नवजोत सिंह सिद्धू मौन व्रत पर थे। लखीमपुर में पुलिस लाइन के सामने भारी भीड़ है।