चिड़ियाघर और एक्वेरियम जानवरों को सुरक्षित बनाने में अहम क्यों ?

विशेष रिपोर्ट – महविश फ़िरोज़

जानवरों की कई प्रजातियां लुप्त हो गई हैं तो कई लुप्त होने के कगार पर हैं। ऐसे में इनका संरक्षण और इनकी संख्या में वृद्धि पूरे विश्व के लिए एक बड़ी चुनौती है। अध्ययन के आधार पर इस दिशा में एक अहम जानकारी सामने आई है, जो जानवरों के संरक्षण में मददगार साबित हो सकती है। एक नवीन अध्ययन में बताया गया है कि चिड़ियाघर और एक्वेरियम जानवरों के जीवन में व्यापक सुधार ला सकते हैं। यह अध्ययन एनिमल वेलफेयर जर्नल में प्रकाशित किया गया है।

एक्सेटर विश्वविद्यालय और स्पाशरेल्ट कालेज हैंपशायर के अध्ययनकर्ताओं द्वारा किए गए इस अध्ययन में इस बात की जांच की गई कि क्या चिड़ियाघर प्रत्येक प्रजाति को उनके संवर्धन का वह उपलब्ध कराते हैं, जिनकी उन्हें जरूरत है। यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सेटर के डा. पाल रोज के मुताबिक, हमारे अध्ययन से पता चलता है कि पर्यावरण संवर्धन महत्वपूर्ण है और चिड़ियाघर व एक्वेरियम इसे गंभीरता से ले रहे हैं। इस अध्ययन के लिए समकक्ष अध्ययनों का विश्लेषण किया। जिन अध्ययनों को चुना गया, उनमें से लगभग 77 प्रतिशत ने स्तनधारियों पर केंद्रित थे। 11 प्रतिशत पक्षियों पर, छह प्रतिशत कई प्रजातियों पर, चार प्रतिशत सरीसृपों पर और कुछेक उभयचर, मछली और अकशेरुकी पर केंद्रित थे। अध्ययन के दौरान कुछ अन्य जानकारियां भी सामने आईं। जैसे कि तोतों के संवर्धन के साक्ष्य पेंगुइन की तुलना में अधिक मौजूद थे। हालांकि, यह बात स्पष्ट रूप से सामने आई कि चिड़ियाघर जानवरों के जीवन को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो रहे हैं। कुल मिलाकर बात की जाए तो अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि चिड़ियाघर जानवरों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन्हें बढ़ावा देने की जरूरत है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top