उत्तराखंड में कुछ दिन शुष्क रहेगा मौसम, सुबह और शाम बढ़ने लगी है ठंड

उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। आने वाले कुछ दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसे ही रहने के आसार हैं। वहीं तापमान में और गिरावट आने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। अगले सप्ताह तक हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना बन रही है। नवंबर अंत तक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तराखंड में सक्रिय होने के कारण हल्की वर्षा व हिमपात होने का अनुमान है।

जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। बीते 10 दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। जिससे पहाड़ों और मैदानों में कंपकंपी बढ़ गई है। उत्तराखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम सामान्य बना रह सकता है। हालांकि, इस बीच तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। पहाड़ों में पाला और मैदानों में धुंध व कुहासा परेशानी बढ़ा सकते हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदेश में विद्युत उत्पादन में भारी गिरावट आई है। बीते दो माह में प्रदेश के तमाम जल विद्युत परियोजनाओं से विद्युत उत्पादन घटकर आधा हो गया है। जबकि, खपत में कोई कमी नहीं आई है।

ऐसे में बाह्य स्रोत से बिजली की कमी पूरी की जा रही है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने पर उत्पादन में और कमी आ सकती है। प्रदेश में उत्तराखंड जलविद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) की छोटी-बड़ी 19 जल विद्युत परियोजनाएं हैं।

जिनसे पिछले कुछ माह में रिकार्ड विद्युत उत्पादन हुआ है। हालांकि, मौसम के मिजाज के चलते सर्दियों में उत्पादन में भारी गिरावट आई है। बीते दिनों चोटियों पर हुए हिमपात के कारण तापमान में गिरावट आई और ग्लेशियर जमने लगे। जिससे प्रमुख नदियों का जल प्रवाह घटा है। यही कारण है कि ज्यादातर परियोजनाओं में उत्पादन में गिरावट आई है। हालांकि, इस दौरान कई परियोजनाओं में वार्षिक मरम्मतीकरण का कार्य चल रहा है। करीब दो माह पूर्व जहां प्रदेश में 24 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन हो रहा था, अब यह प्रतिदिन 11 से 12 मिलियन यूनिट पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top