सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए आगे आएं युवा – भगत सिंह कोश्यारी , राज्यपाल 

राज्यपाल कोश्यारी ने जनरल बिपिन रावत की स्मारिका का विमोचन किया

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा है कि भारत के युवाओं को जनरल बिपिन रावत के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए आगे आना चाहिए। उनके अनुसार यह दिवंगत प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ को सर्वश्रेष्ठ श्रद्धांजलि होगी।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी महाराष्ट्र राजभवन मुंबई में जनरल बिपिन रावत के जीवन और कार्यों पर स्मारिका के विमोचन के अवसर पर बोल रहे थे। आपको बता दें कि जीवनी रेखाचित्र और जनरल रावत पर लेख युक्त स्मारिका का प्रकाशन उत्तरांचल महासंघ, मुंबई द्वारा किया गया है, जो मुंबई और उसके आसपास रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों का एक संगठन है।

राज्यपाल ने इस मौके पर कहा कि उत्तराखंड को देश को जनरल बी सी जोशी और प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत जैसे वीर सपूत देने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने कहा कि गोरखा रेजिमेंट के साथ-साथ गढ़वाल और कुमाऊं रेजिमेंट देश की पूर्वी सीमा से आने वाली किसी भी चुनौती का मुकाबला करने में सबसे आगे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जिस भी क्षेत्र में काम कर रहे हैं, देश को अपना सर्वश्रेष्ठ दें। महाराष्ट्र राज्य विधानमंडल के सदस्य मंगल प्रभात लोढ़ा, उत्तरांचल महासंघ के अध्यक्ष आनंदी गैरोला, महेंद्र सिंह गुसाईं और कुसुमलता गुसाईं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top